अलविदा बिशन पाज़ी

Date:

अलविदा बिशन पाज़ी

महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी को श्रद्धांजलि

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (1))img

रेडियो का जादू

हमारी स्मृतियां सिर्फ देखी गई चीजों से ही नहीं बनती बल्कि पढ़ी गई और सुनी गई चीजों से भी बनती हैं। हम उस पीढ़ी के लोग हैं जब हम बाल्यावस्था से किशोरावस्था की और बढ़ रहे थे, तब टीवी नहीं आया था और रेडियो का जलवा आज के मोबाइल फोन से भी बड़ा हुआ करता था।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (2))img

उस समय भी तमाम इवेंट्स और खेलों का सजीव प्रसारण होता था। टीवी पर नहीं बल्कि रेडियो पर। हम रेडियो की कमेंट्री सुनते हुए बड़े हो रहे थे। और ये रेडियो की कमेंट्री का स्वर्णकाल था।

शानदार कमेंटेटर्स का समय

वो समय जसदेव सिंह, स्कन्द गुप्त, मनीष देब और सुशील दोषी जैसे शानदार कमेंटेटरों का समय था जो माइक्रोफोन के जरिए खेल। मैदान के दृश्यों का हूबहू चित्र अपनी आवाज की कूंची से सुदूर बैठे श्रोताओं के मन मष्तिष्क में उकेर देते थे।

रेडियो ने उकेरे स्मृति चित्र

समय रेडियो के माध्यम से बने चित्र और स्मृतियां आज भी इतनी चमकीली और उजली हैं कि उनके सामने निकट अतीत में दृश्य माध्यमों से बने चित्र फीके और धुंधले प्रतीत होते हैं। मसलन 1975 में विश्व कप हॉकी में जीत या 1983 में क्रिकेट विश्व कप में जीत की स्मृतियां 2007 और 2011 की जीत की स्मृतियों से गहरी और उजली हैं।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (3))img

स्पिनरों की चौकड़ी

ऐसी ही अमिट स्मृतियाँ उस समय के खेल जगत की तमाम हस्तियों की भी हैं। उन दिनों एक त्रयी हुआ करती थी भारतीय स्पिनरों की जिन्होंने गेंदबाजी की स्पिन विधा की नई परिभाषा गढ़ी थी और उसको अनंतिम ऊँचाईयों पर पहुँचाया था। इस त्रयी का निर्माण इरापल्ली प्रसन्ना,चंद्रशेखर और बिशन सिंह बेदी करते थे। और इससे जुड़कर वेंकट राघवन इसे चौकड़ी में तब्दील कर दिया करते थे।

ये भी पढ़े: भारत में शतरंज के टेलेंट का विस्फोट

अपने फन के उस्ताद बिशन पाजी

अब जब बिशन पाजी के इस दुनिया को अलविदा कहे जाने की खबरें आ रही हैं,तो मन यादों के गलियारे में अपने फन के एक ऐसे फनकार की छवियों को ढूंढ रहा है,जो अपने फन का उस्ताद था। ऐसा उस्ताद जिसकी बराबरी उस समय दुनिया में कोई ना कर पाता था। एक ऐसा फनकार जिसकी उंगलियों में जादू था। ऐसा जादूगर जो गेंद को इस तरह घुमाता कि दुनिया का बड़े से बड़ा बल्लेबाज़ नाच जाता। एक ऐसा करामाती जो अपनी गेंदों को ऐसी उड़ान देता कि दिग्गज से दिग्गज बल्लेबाज का विकेट उड़ जाता।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (5))img

ऑर्थोडॉक्स स्पिनर के आंकड़े

आज मन में अलग अलग रंग के और खास तौर पर गुलाबी और आसमानी रंग के पटके पहने बिशन पाजी की असंख्य छवियाँ बन बिगड़ रही हैं। वे बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स लेग स्पिनर थे जिन्होंने 1966 से 1979 तक भारत के लिए 67 टेस्ट मैच खेले और 266 विकेट लिए। साथ ही 22 टेस्ट मैचों में कप्तानी भी की।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (6))img

प्रथम श्रेणी का रिकॉर्ड आज तक कायम

उन्होंने प्रथम श्रेणी में 1560 विकेट लिए जो किसी भी भारतीय द्वारा लिए गए सर्वाधिक विकेट हैं।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (7))img

लयात्मक बॉलिंग एक्शन

1986 में बिशन सिंह बेदी के बारे में डी जे रत्नागर ‘बार्कलेज वर्ल्ड ऑफ क्रिकेट’ में लिख रहे थे कि उनकी ‘गेंदबाजी बेहद खूबसूरत और ग्रेसफुल थी जिसमें चतुराई और कलात्मकता दोनों एक साथ समाई थी।’ उनका बॉलिङ्ग एक्शन इतना लयात्मक होता जैसे किसी सिद्धहस्त वायलिन वादक का स्ट्रिंग पर बो को साधना। वे इतनी सहजता और कलात्मकता के साथ बॉलिंग करते कि उन्हें बॉलिङ्ग करते देखना ट्रीट होता। ठीक वैसे जैसे किसी आर्केस्ट्रा में सैकड़ों वायलिन वादकों का एक लय में वायलिन साधना।

ये भी पढ़े: भारतीय समाज में उपहार देने की परंपरा

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (8))img

अद्भुत नियंत्रण

वे क्लासिक खब्बू लेग स्पिनर थे। उनका अपनी गेंदबाजी पर अद्भुत नियंत्रण था। वे लगातार एक स्पॉट पर गेंद फेंक सकते थे और ओवर दर ओवर मेडन रख सकते रहे। वे लांस गिब्स के बाद टेस्ट क्रिकेट के सबसे किफायती गेंदबाज थे। 1975 के विश्व कप में ईस्ट अफ्रीका के विरुद्ध भारत की पहली ओडीआई जीत थी। उसमें बिशन पाजी का गेंदबाजी विश्लेषण था-12 ओवर, 08 मेडन, 06 रन और 01 विकेट।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (10))img

सर्वश्रेष्ठ शास्त्रीय लेग स्पिनर

दरअसल वे सर्वश्रेष्ठ शास्त्रीय लेग स्पिनर थे। और वे लेग स्पिन विधा के दिलीप कुमार ठहरते हैं। ना उससे कम ना उससे ज़्यादा। जिस तरह चाहे कितने ही शाहरुख खान आ जाएं,दिलीप साहब नहीं हो सकते। ठीक उसी तरह चाहे जितने शेन वार्न या कुंबले आ जाएं, बिशन पाजी नहीं बन सकते। कोई भी उनसे बेहतर या खराब हो सकता है, लेकिन बिशन पाजी नहीं हो सकता। बिशन सिंह बेदी दुनिया में अपनी तरह का एक हुआ और एक ही रहेगा।अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (12))img

लाइन व लेंथ

क्लासिक अर्थों में वे लेग स्पिन के मोहम्मद रफी थे। रफी साहब के पक्के सुरों की तरह उनकी गेंदबाजी होती। जो अपनी लेंथ से ज़रा भी इधर उधर ना होती। हां उनकी आर्मर गेंद लय के बीच मुरकियों की तरह होती जो उनकी गेंदबाजी को एक अतिरिक्त ऊंचाई देती।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (13))img

गेंदबाजी के साथ व्यक्तित्व भी धारदार

जिस तरह उनकी गेंदबाजी धारदार होती उसी तरह उनका व्यक्त्वि भी धारदार था। वे बहुत मुखर और स्पष्ट वक्ता थे और हमेशा न्याय के पक्ष में खड़े होते। वे हर बात पर अपनी स्पष्ट राय रखते और उसे बिना किसी लाग लपेट के व्यक्त करते।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (15))img

चकर मुरलीधरन

उन्होंने श्रीलंका के महान स्पिनर मुरलीधरन चकर कहा और मुरलीधरन की मानहानि की धमकी के बाद भी अपनी बात पर कायम रहे। उनका स्पष्ट मानना था कि ‘गेंदबाजी में चकिंग सट्टेबाजी और फिक्सिंग से भी ज़्यादा खतरनाक’ है।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (16))img

दिल्ली क्रिकेट प्रशासन में सुधार के प्रयास

भले ही वे असफल रहे हों लेकिन उन्होंने दिल्ली क्रिकेट प्रशासन को सुधारने का भरसक प्रयास किया और राजनीतिक लोगों से दूर रखने का प्रयास भी। उन्होंने फिरोजशाह कोटला का नामकरण एक राजनीतिज्ञ के नाम पर रखे जाने के विरोध में उस स्टेडियम के एक प्रमुख स्टैंड को अपना नाम नहीं देने दिया।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (17))img

टी 20 व आई पी एल के आलोचक

वे टी20 फॉरमेट के हमेशा आलोचक रहे और आईपीएल के भी। आईपीएल की ऑक्शन के वे हमेशा विरोधी रहे और उसमें खिलाड़ियों की नीलामी की तुलना उन्होंने घोड़ों की नीलामी से की।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (18))img

क्रिकेट का सम्मान

उनका ये स्पष्ट मानना था कि क्रिकेट का खेल और उसका सम्मान हार जीत से ऊपर है। फिर चाहे 1976 के वेस्टइंडीज दौरे के चौथे टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों की खतरनाक गेंदबाजी के विरोध में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर पारी की घोषणा करना हो, 1976-77 के इंग्लैंड के भारत दौरे में जॉन लीवर पर वैसलीन प्रयोग के आरोप हो या फिर 1978 में पाकिस्तान दौरे में अंपायरों के पक्षपात पूर्ण रैवैय पर टीम को वापस बुला लेने का निर्णय हो।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (19))img

पाजी का व्यक्तित्व

दरअसल एक खिलाड़ी के रूप में महान,एक लेग स्पिनर के रूप में सर्वश्रेष्ठ, एक व्यक्ति के रूप में मुखर और स्पष्टवक्ता जिनका व्यक्तिगत जीवन बहुत ही बिंदास और मनमौजी था जो शराब, खाना और ठहाकों के मेल से बना था।

अलविदा बिशन पाज़ी Bishan Singh Bedi (21))img

यादें हमेशा रहेंगी ताजा

जिसने भी जन्म लिया उसकी मृत्यु अवश्यम्भावी है। लेकिन कुछ मृत्यु आपको गहरे अवसाद से भर देती हैं। लेकिन बिशन सिंह बेदी जैसा व्यक्तित्व भले ही भौतिक रूप से हमारे बीच न रहे उनकी यादें हमेशा हमारे जेहन में बनी रहेगी।

हां इस फानी दुनिया से बिशन पाजी को अलविदा कहना ही है। तो अलविदा पाजी।

22)img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Related articles

सानिया मिर्जा : स्पोर्ट्स आइकॉन

सानिया मिर्जा : स्पोर्ट्स आइकॉन एक यात्रा का अंत उनके पहले तक भारत में टेनिस एक एलीट और नर्म मिजाज़...

लाजवाब नोवाक जोकोविच : 23वां ग्रैंड स्लैम

लाजवाब नोवाक जोकोविच : 23वां ग्रैंड स्लैम पुरानों का समय अभी खत्म नहीं हुआ है। मुझमें अभी भी बहुत टेनिस...

हार्ड लक टीम इंडिया

हार्ड लक टीम इंडिया ये हार टीम इंडिया की 'माराकांजो' है। अपनी टीम की जीत से अनिर्वचनीय आनंद आप चाहे जितना...

भारत में शतरंज के टेलेंट का विस्फोट

भारत में शतरंज के टेलेंट का विस्फोट  विश्व शतरंज में भारत की विजय का डंका  अंतराष्ट्रीय शतरंज में भारत की...